मोदी सरकार के लिए बुरी खबर, ये सर्वे नहीं धमाका है, 40 फीसदी जनता असंतुष्ट

मोदी सरकार के काम को लेकर एक नया सर्वे आया है, इस के मुताबिक अगर आज चुनाव होते हैं तो यूपीए की सीटें दोगुनी हो सकती हैं, एनडीए को नुकसान हो सकता है।

New Delhi, Jan 26: मोदी सरकार के लिए एक बुरी खबर आ रही है, केंद्र की सत्ता में साढ़े तीन साल पूरे होने के बाद अब सरकार से असंतुष्ट लोगों की संख्या बढ़ रही है, सरकार के काम को लेकर एबीपी न्यूज और सीएसडीएस लोकनीति ने एक सर्वे करवाया है, ये सर्वे कंद्र सरकार के लिए खतरे का संकेत ले कर आ रहा है। सर्वे से पता चल रहा है कि केंद्र सरकार के काम से खुश होने वाले लोगों की संख्या में तेजी से कमी आ रही है। असंतुष्ट लोगों की संख्या 40 फीसदी के करीब पहुंच गई है। खास बात ये है कि पिछले साल मई में कराए गए सर्वे में 27 फीसदी लोग सरकार के काम से खुश नहीं थे, जो 8 महीने में बढ़कर 40 फीसदी हो गया है। बता दें कि ये सर्वे 19 राज्यों की 175 लोकसभा सीटों पर जनता से बात करके किया गया है।

Advertisement

ये सर्वे देश के अलग अलग राज्यों का मूड बता रहा है। इसके मुताबिक पूर्वी भारत के बिहार, बंगाल, ओडिशा, असम और झारखंड में अगर आज चुनाव होते हैं तो मोदी सरकार को कुल 142 में से 72 सीटें मिल सकती हैं, कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों को 18 और अन्य को 52 सीटें मिल सकती हैं। नीतीश का वापस एनडीए में आना फायदेमंद साबित होता दिख रहा है। दक्षिण भारत में हालात इसके विपरीत हैं, यहां की लगभग 132 लोकसभा सीटों में से एनडीए को 34 और यूपीए को 63 सीटें मिल सकती हैं। इस सर्वे के मुताबिक दक्षिण भारत में भी सरकार की लोकप्रियता में कमी आई है। इस से साफ है कि कर्नाटक विधानसभा चुनाव में बीजेपी को सत्ता हासिल करने के लिए पूरी ताकत लगानी होगी।

Advertisement

केंद्र की सत्ता की राह उत्तर भारत से होकर जाती है, खास तौर पर उत्तर प्रदेश की 80 लोकसभा सीटों पर सभी की निगाह है। यूपी, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और दिल्ली में अगर चुनाव हुए तो सर्वे के मुताबिक यहां की कुल 151 सीटों में से एनडीए को 111 सीटें मिल सकती हैं, वहीं यूपीए को 13 सीटें और अन्य को 27 सीटें मिल सकती हैं। बता दें कि 2014 लोकसभा चुनाव में एनडीए को 131 सीटें उत्तर भारत में मिली थी। यानि उसे 20 सीटों का नुकसान हो रहा है। बात करें पश्चिमी मध्य भारत की तो यहां की कुल 118 सीटों में से एनडीए को 84, यूपीए को 33 सीटें मिल सकती हैं। यहां पर एनडीए की स्थिति में कुछ खास फर्क नहीं पड़ता दिख रहा है।

Advertisement

इस तरह से एबीपी न्यूज के सर्वे के मुताबिक लोकसभा की कुल 543 सीटों में से एनडीए को 301 सीटें, यूपीए को 127 और अन्य के खाते में 115 सीटें जा सकती हैं। पिछले लोकसभा चुनाव के मुकाबले एनडीए को 35 सीटों का नुकसान उठाना पड़ सकता है। 2014 में एनडीए के खाते में 336 सीटें आई थीं। वहीं यूपीए को केवल 60 सीटों से संतोष करना पड़ा था। एबीपी न्यूज के सर्वे के मुताबिक यूपीए की सीटें दोगुनी हो रही हैं। ये सर्वे मोदी सरकार के लिए आंखे खोलने वाला हो सकता है. सरकार को ध्यान देना होगा कि जनता की नाराजगी इसी तरह से बढ़ती रही तो बहुमत का आंकड़ा उस से दूर हो सकता है। हालांकि इस सर्वे में भी एनडीए को आसानी से बहुमत मिलता दिख रहा है. लेकिन अभी चुनाव में समय है, जनता की नाराजगी रोकने के लिए केंद्र सरकार को कदम उठाने होंगे।