पाकिस्तान में खेल दोयम हो गया, मजहब और सियासत के ऊपर, नतीजा सबके सामने है

कप्तान–विरोधी इस पंजाबी खुर्रांट गुट को पठान प्रधान मंत्री का समर्थन है| अर्थात् सरफराज को भारत के विभाजन की त्रासदी का खामियाजा भुगतना पड़ रहा है|

New Delhi, Jun 23 :  पाकिस्तानी क्रिकेट प्रबंधन समिति में बौखलाहट दिख रही है| बदहवासी कहीं ज्यादा| मैनचेस्टर में खेले गये विश्वकप मैच में भारत के हाथों पराजय इसका कारण है| अब इस पराजय का सिलसिला उत्तर प्रदेश के इटावा जनपद से जुड़ गया है| हारजीत पर जान कैनेडी ने कहा भी था कि विजय के कई जनक उपज आते हैं| विफलता अनाथ होती है| मगर विडम्बना है कि पूर्व क्रिकेटर और अब प्रधान मंत्री बने खान मोहम्मद इमरान खान ने अपनी ही टीम की निंदा की इब्तिदा कर दी|

Advertisement

पाकिस्तान टीम का कप्तान सरफराज अहमद उन्हें रैलु कट्टु लगा| इस पाकिस्तानी लफ्ज का अर्थ है छुट्टा पाड़ा (बेकार का जीव)| अब चुनाचें वजीरे आजम जो खुद विजयी कप्तान रह चुके हैं, ने इस भद्दे मुहावरे का प्रयोग किया है तो यह तंज ज्यादा तिक्त तथा तीखा लगा| उधर समूचे पाकिस्तानी सोशल मीडिया में बौछार चल पड़ी| एक ने लिखा कि विराट कोहली रग-रग से कप्तान दिखते हैं| “हमारे सरफराज अहमद की सूरत से लगता है कि अजान से बस पाँच मिनट पहले ही सहरी के लिए उनकी नींद खुली हो|” उसे बेदिमाग कहा गया, तो यह भी कि वे मामू जैसा है| दर्जा दस का तालेबिल्म हो| पिज्जा निगल कर, दर्जनों गुलाब जामुन डकार कर, फूले पेट वाले इन खिलाडियों को अब सिर्फ पराठा ही परोसा जाय, लिखा छात्र नेता मोमिन साकिब ने| सारा पाकिस्तान भारत की शिकस्त हेतु मस्जिदों में मन्नत कर रहा था| सब बेकार हो गया| इधर इस सीरीज में पकिस्तान टीम की गत ऐसी हुई कि मानो नमाज माफ़ कराने गए, तो रोजे गले पड़ गए| ईद मनानी थी, मुहर्रम आन पड़ा| अब पाकिस्तान का नंबर टीमों की तालिका में नौवें पर है| विश्वकप तो अमावस का चाँद हो गया|

Advertisement

इस पूरे प्रकरण का आधार है पाकिस्तान क्रिकेट प्रबंधन समिति पर पंजाबी गुट का हावी हो जाना| शोएब मलिक, जो सियालकोट के हैं, ने कप्तान सरफराज को उखाड़ने की मुहिम चला दी है| हालांकि वे स्वयं पहली गेंद पर ही जीरो पर आउट हो गए थे| उनकी भारतीय बीवी (टेनिस की चैम्पियन) सानिया मिर्जा (तेलंगाना वाली) कहा करती है कि “मैं भारत की विजय चाहती हूँ, पर मेरे पति अधिक रन बनायें, यह भी चाहती हूँ|”
कप्तान–विरोधी इस पंजाबी खुर्रांट गुट को पठान प्रधान मंत्री का समर्थन है| अर्थात् सरफराज को भारत के विभाजन की त्रासदी का खामियाजा भुगतना पड़ रहा है| उनका ननिहाल इटावा में है| जहाँ से उनके पुरखे कराची जा कर बसे| गत रविवार, 16 जून को उनके मामू महबूब हसन अपने घर, इटावा में टीवी पर पाकिस्तान टीम की हार देखकर जश्न मना रहे थे| हालांकि उनका अपना कप्तान भांजा हारा है| अर्थात् भारत से गए मुसलमान जो कराची में बस गये हैं, आज भी दयनीय हैं, मोहाजिर कहलाते हैं, पाकिस्तानी नहीं माने जाते| वे इस पंजाबी-सिन्धी गुट से भिड़ते रहते हैं| अतः स्पष्ट है कि सरफराज को हटाने हेतु मैनचेस्टर में पूरी तैयारी की गई थी| तो सात दशकों पुराना इटावा का सिलसिला, फिर ताजा हो गया| वे भारतीय मुसलमान जो आज भी पाकिस्तान के प्रति हल्का-फुल्का प्यार पालते हैं, की आँखे सरफराज की दुर्गति देखकर पूरी तरह खुल जानी चाहिए| हिन्दू खिलाड़ी दानिश कनेरिया और इसाई यूसुफ योहाना को कलमा पढ़ना पड़ा ताकि वे पाकिस्तानी टीम में अपनी जगह बनाये रख सकें| आधे से अधिक पाकिस्तानी खिलाड़ी आजकल लम्बी लटकती दाढ़ी तथा सफाचट मूंछों के लिये मशहूर हो गए हैं| खेल दोयम हो गया| मजहब और सियासत के ऊपर|

Advertisement

इस समूचे वृत्तांत के सन्दर्भ में भारत-पाक के उस एक दिवसीय मैच का भी उल्लेख हो जाय जो 13 मई 2014 को कराची में खेला गया था| तब जीत के लिये पाकिस्तान को दस गेंदों पर मात्र आठ रन बनाने थे| तब यही शोएब मलिक (सानिया – पति) फुल फॉर्म में बल्ला चला रहे थे| मराठीभाषी जहीर खान ने गेंद फेंकी| शोएब मलिक ने छक्के के लिये ऊँची हिट मारी| तभी हमारा छोरा गंगा किनारे वाला (प्रयागराजवासी) मोहम्मद कैफ लम्बे फासले को लांघते दौड़ा और असंभव कैच लोक लिया| शोएब आउट हो गये| पाकिस्तानी जबड़े से उनकी जीत का निवाला भारतीय फील्डर ने छीन लिया| इस्लामी पाकिस्तान को भारतवासी जहीर और मोहम्मद कैफ ने शिकस्त दी, हिन्दुस्तान को जिता दिया|
इसी क्रम में ही याद कर लें एक ऐतिहासिक घटना को भी| भारत से गए मुसलमानों ने संस्थापक मोहम्मद अली जिन्ना से (सितम्बर 1947) शिकायत की थी कि पाकिस्तान के समर्थन में केवल उन्हीं लोगों ने खूनी लड़ाई लड़ी थी| मगर नवसृजित राष्ट्र में बिना कुर्बानी दिये पंजाबी-सिन्धी-पठान वर्चस्व पा गये हैं| इस पर जिन्ना ने इन मोहजिरों को झिड़का था| कायदे-आजम बोले : “मुगालता मत पालो| पाकिस्तान की मांग ब्रिटेन से मनवाने में केवल तीन की ही भूमिका रही है : मेरी, मेरे निजी सहायक की और मेरे टाइपराइटर की|”

(वरिष्ठ पत्रकार के विक्रम राव के फेसबुक वॉल से साभार, ये लेखक के निजी विचार हैं)