पापी संतः यह सजा बहुत कम है – Ved Pratap Vaidik

राम रहीम के नामों को कलंकित करने वाले गुरमीतसिंह को आखिर 20 साल की सजा हो गई।

New Delhi, Aug 29 : कानून जितनी सजा दे सकता था, उसने दे दी लेकिन इस तरह के ढोंगी बाबा अपने आप को कानून से ऊपर समझते हैं। इसीलिए उसको वह सजा मिलनी चाहिए थी, जो नैतिक दृष्टि से उचित होती। मैंने कल सुझाया था कि गुरमीत को अपने कत्ल की सजा खुद मांगनी चाहिए थी लेकिन वह कायर सजा पर फूट-फूटकर रोने लगा। उसे देख कर उन करोड़ों मूर्ख भक्तों को क्या अब भी कोई अक्ल नहीं आई ? यदि वह भयंकर कुकर्मी नहीं होता और सच्चा साधु होता तो क्या वह जज के सामने रोने लगता ? उसके क्रोध के आगे पृथ्वी कांप उठती। अदालत हिल जाती। जज और वकील भाग खड़े होते लेकिन गुरमीत बड़ा कायर निकला।

Advertisement

सजा का एलान सुनते ही उसके पांव कांपने लगे और वह जमीन पर बैठ गया। अगर उसे ज़रा भी शर्म होती तो वह जमीन में गड़ जाता। उसको सजा सुनाने वाले जज जगदीपसिंह को प्रणाम करता हूं। वह यथा नाम तथा गुण हैं। वह शेर हैं और जगत को जगमग करने वाले दीप हैं। वे उन सब दब्बू मंत्रियों, मुख्यमंत्रियों और नेताओं के सामने जगमगाती मशाल हैं, जो इस भ्रष्टाचारी के चरण-चुंबन करते रहे।

Advertisement

जज जगदीप को अब पूरी सुरक्षा दी जानी चाहिए। उस अनाम साध्वी को भी सारा देश नमन करता है, जिसकी साहसी चिट्ठी ने इस कलंकी गुरमीत की पोल खोली। सिरसा के उस बहादुर पत्रकार रामचंद्र छत्रपति को भी मेरे प्रणाम, जिन्हें इस ढोंगी की पोल खोलने के कारण मौत का सामना करना पड़ा। शहीद रामचंद्र की विशाल प्रतिमा चंडीगढ़ में लगाई जानी चाहिए।

Advertisement

गुरमीत के इस डेरा झूठा सौदा के भक्त रणजीतसिंह की भी हत्या का राज शीघ्र ही खुलेगा और कोई आश्चर्य नहीं कि गुरमीत को आजीवन कैद हो जाए या फांसी पर चढ़ा दिया जाए। इस पापी को दी गई यह सजा बहुत कम है। सरकार को चाहिए कि गुरमीत के सारे पाखंडों और कुकर्मों को उजागर किया जाए ताकि देश में अब दुबारा आसाराम, रामपाल और गुरमीत जैसे लोग पैदा ही न हों।
(वरिष्ठ पत्रकार एवं स्तंभकार वेद प्रताप वैदिक के ब्लॉग से सभार। ये लेखक के निजी विचार हैं।)