मोदी कैबिनेट में बदलाव से पहले जानिए, कौन बनेगा रक्षा मंत्री ?

खबर है कि मोदी कैबिनेट में जल्द ही बदलाव होगा। जल्द ही देश को एक नया रक्षा मंत्री मिलने जा रहा है। आज जानिए कि किसे मिल सकता है ये पद ?

New Delhi, Sep 01 : जैसे ही रक्षा मंत्री अरूण जेटली ने कहा कि वो इस पद पर ज्यादा दिन नहीं रह सकते, तो देशभर में राजनीतिक माहौल एक बार फिर से गर्मा गया। चर्चा है कि देश को जल्द ही नया रक्षा मंत्री मिलने वाला है। मोदी कैबिनेट में अगले एक या दो दिन में बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं। देश के तमाम पॉलिटिकल पंडित बता रहे हैं कि इसी सिलसिले में बैठकों का ताबड़तोड़ सिलसिला भी जारी है। ऐसा इसलिए क्योंकि पीएम मोदी को ब्रिक्स समिट में हिस्सा लेने के लिए चीन जाना है और उससे पहले वो इस नाम पर फाइल मुहर चाहते हैं। अरूण जेटली पहले ही बता चुके हैं कि इस पद पर वो ज्यादा दिन नहीं रहेंगे।

Advertisement

इसके बाद तो सारे कैमरों का फोकस बीजेपी मुख्यालय, अमित शाह के घर और जेटली पर है। अब सवाल ये उठता है कि आखिर कौन होगा देश का अगला रक्षा मंत्री ? सरकार और संगठन स्तर पर माथापच्ची हो रही है। अमित शाह के घर पर हाल ही में एक हाईलेवल मीटिंग हुई। करीब 8 केंद्रीय मंत्रियों ने यहां हाजिरी दी। खबर यहां तक मिल रही है कि 1 या फिर दो सितंबर को इस बात का फैसला हो जाएगा। अब जरा पीएम मोदी के मंत्रियों पर एक नजर डालते हैं। सूत्रों के हवाले से खबर है कि अच्छा काम करने वालों को बड़ा ईनाम मिलेगा, क्योंकि पद सिर्फ एक नहीं बल्कि ज्यादा हैं। ऐसे में नेताओं की उम्मीदें भी बढ़ गई हैं।  

Advertisement

खबर है कि परिवहन मंत्री नितिन गडकरी को कोई बड़ी भूमिका मिलेगी। सूत्र ये भी कह रहे हैं कि AIADMK एनडीए का हिस्सा बन सकती है और केंद्रीय मंत्रिमंडल में इस पार्टी से किसी को बड़ी भूमिका मिल सकती है। यहां जेडीयू को भी नकार नहीं सकते। हाल ही में इस पार्टी ने एनडीए में शामिल होने का ऐलान किया है। सूत्रों के हवाले से खबर है कि जेडीयू के किसी चेहरे को भी बड़ी जिम्मेदारी मिल सकती है। एक और खबर ये भी है कि एनडीए के कुछ वरिष्ठ मंत्रियों को राज्यपाल बनाकर राज्यों में भेजा जा सकता है। पिछले महीने वेंकैया नायडू उपराष्ट्रपति चुने गए, तो शहरी विकास और आवास मंत्रालय और सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय को वरिष्ठ मंत्री चाहिए।

Advertisement

शहरी विकास और आवास मंत्रालय का अतिरिक्त प्रभार फिलहाल ग्रामीण विकास मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर के पास है।जबकि सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय का अतिरिक्त प्रभार कपड़ा मंत्री स्मृति ईरानी के पास है। केंद्रीय मंत्री अनिल माधव दवे के निधन के बाद से डॉक्टर हर्षवर्धन को पर्यावरण मंत्रालय का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। ये तीसरी बार होगा जब मोदी कैबिनेट में फेरबदल होगा। लगातार माथापच्ची का दौर जारी है और इस बीच खबर मिल रही है कि एक या दो दिन में ये नाम फाइनल कर दिए जाएंगे। देखना होगा कि इन तमाम अटकलों के बीच किसे रक्षा मंत्रालय सौपा जाता है।