14 नवंबर को गुजरात में बीजेपी करेगी धमाका, सवाल 182 का

गुजरात में 9 और 14 दिसंबर को मतदान होना है, उस से पहले 14 नवंबर को बीजेपी बड़ा धमाका करने वाली है. कांग्रेस की नजर इस पर टिकी हुई है।

New Delhi, Nov 08: गुजरात विधानसभा चुनाव दो चरणों में होंगे, 9 और 14 दिसंबर को मतदान किया जाएगा। राज्य में चुनावी बिसात सज चुकी है। कांग्रेस ने काफी पहले से प्रचार शुरू कर दिया है। राहुल गांधी राज्य में डटे हुए हैं। वो अब मुद्दों को आधार बना कर बीजेपी पर हमला कर रहे हैं। वहीं अब धीरे धीरे भाजपा भी राज्य में चुनावी मोड में आती दिख रही है। 14 दिसंबर को दूसरे चरण के मतदान से ठीक एक महीने पहले यानि 14 नवंबर को भाजपा राज्य में सियासी धमाका करने वाली है। 14 नवंबर की तारीख को तय हो जाएगा कि राज्य की सत्ता पर भाजपा की पकड़ बरकरार रहेगी या फिर कांग्रेस के लिए कोई मौका है।

Advertisement

सूत्रों के मुताबिक 14 नवंबर को भाजपा गुजरात में अपने उम्मीदवारों का एलान कर सकती है। बीजेपी राज्य की सभी 182 सीटों पर अपने उम्मीदवारों के नाम का एलान कर सकती है। इस खबर के बाद राज्य में भाजपा से टिकट चाहने वाले नेताओं में खलबली मच गई है। कहा जा रहा है कि भाजपा इस बार कई विधायकों के टिकट काट सकती है। दिल्ली में एमसीडी चुनाव के दौरान जो प्लान था वही गुजरात में भी लागू किया जा सकता है। इसी को लेकर भाजपा के विधायकों में बेचैनी बढ़ रही है। हालांकि भाजपा के लगभग 44 विधायक पटेल समुदाय से आते हैं, और पाटीदारों को आरक्षण के मुद्दे पर हार्दिक पटेल बड़ा आंदोलन कर चुके हैं। वो कांग्रेस के साथ जाते दिख रहे हैं। ऐसे में पटेल विधायकों का टिकट भाजपा काटेगी इस पर संदेह है।

Advertisement

दरअसल मंगलवार से ही भाजपा ने गुजरात गौरव महासंपर्क अभियान की शुरुआत की। इस पूरे अभियान के दौरान पिछले 22 साल के शासन की उपलब्धियों को जनता के सामने रखा जाएगा। अमित शाह ने इस अभियान की शुरूआत अपने विधानसभा क्षेत्र नारनपुर से की, जहां से वो कभी विधानसभा का चुनाव लड़ा करते थे। इस अभियान के दौरान मतदाताओं से संपर्क किया जाएगा, इसके साथ ही अलग अलग समुदाय के नेताओं के साथ भी मुलाकात की जाएगी। गुजरात भाजपा प्रवक्ता आईके जडेजा के मुताबिक इस अभियान में कई केंद्रीय मंत्री भी शामिल होंगे। स्मृति ईरानी, जे पी नड्डा, निर्मला सीतारमण, वी के सिंह, और प्रकाश जावडेकर गुजरात की जनता से इस अभियान के दौरान संवाद करेंगे। इसके अलावा अमित शाह फिर से बूथ स्तर पर मतदाताओं को साधने की योजना बना रहे हैं।

Advertisement

जडेजा ने बताया कि पार्टी के बड़े नेता बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर राज्य के 50 हजार मतदान केंद्रों के तहत आने वाले घरों में जाएंगे। वो जनता से बात करेंगे और पार्टी की नीतियों के बारे में बताएंगे। ये कार्यक्रम 7 नवंबर से 12 नवंबर तक चलेगा। बूथ मैनेजमेंट के अलावा भाजपा उम्मीदवारों का चयन भी करती रहेगी। जिनका एलान 14 नवंबर को किया जा सकता है। कुल मिलाकर भाजपा ने अब अपना दम खम दिखाना शुरू कर दिया है। वो उस मोर्चे पर काम कर रही जो कांग्रेस की हमेशा से कमजोरी रहा है। बूथ मैनेजमेंट में अमित शाह का कोई तोड़ नहीं है। शायद यही कारण है कि बीजेपी के नेता राहुल गांधी के प्रचार को हवाई मान रहे हैं।