गूगल सर्च के नतीजे, हमारी सोच से पर्दा हटाते हैं, पढ़िए टॉप टेन सर्च

भारतीयों ने गूगल पर सबसे ज्यादा क्या सर्च किया है. इसके नतीजे पढ़िए, टॉप टेन सर्च, सवालों और फिल्मी कलाकारों को लेकर क्या हैं जान कर सोच में पड़ जाएंगे।

New Delhi, Dec 17: भारत में लोग क्या सोचते हैं, किस विषय पर उनकी क्या राय है, ये पता चलता है गूगल के सर्च रिजल्ट से, गूगल पर भारतीयों ने सबसे ज्यादा क्या खोजा है, इसका जवाब ये बताता है कि हमारी सोच किस तरफ जा रही है। हम इंटरनेट का इस्तेमाल किस लिए करते हैं, अपनी जिज्ञासाओं को शांत करने के लिए, लेकिन वो जिज्ञासाएं भी किस तरह की होती हैं, ये पता चलता है गूगल के सर्च ट्रेंड से, तो अगर आप से पूछा जाए कि इस साल भारतीयों ने सबसे ज्यादा क्या सर्च किया है तो शायद आपको जवाब देने में सोचना ना पड़े, जी हां आप सही सोच रहे हैं गूगल के टॉप टेन सर्च में बाहुबली 2 अव्वल है। कटप्पा ने बाहुबली को क्यों मारा इसका जवाब जानने के लिए लोगों ने इस फिल्म को सबसे ज्यादा सर्च किया।

Advertisement

गूगल के टॉप टेन सर्च में बाहुबली के बाद आईपीएल का नंबर आता है, उसके बाद लाइव क्रिकेट स्कोर है, चौथे नंबर पर आमिर खान की दंगल  है, पांचवे नंबर पर हाफ गर्लफ्रेंड है, छठे नंबर पर बद्रीनाथ की दुल्हनिया है। सातवें नंबर पर मुन्ना माइकल, आठवे पर जग्गा जासूस 9वें नंबर पर चैंपियंस ट्रॉफी और दसवें नंबर पर शाहरुख खान की फिल्म रईस है। ये हैं गूगल के अव्वल दस सर्च, जिनके बारे में जानने के लिए लोगों ने गूगल का इस्तेमाल किया। इसके अलावा जो सवाल पूछे जाते हैं गूगल पर उनके नतीजे भी हम आपको बताते हैं, भारतीयों ने How To वाले जो सवाल पूछे हैं उनमें सबसे पहले नंबर पर है हाउ टू लिंक आधार विथ पैन कार्ड, आप समझ सकते हैं कि आधार की अनिवार्यता के कारण लोगों ने ये सवाल पूछा था।

Advertisement

इसके बाद हाउ टू बुक जियो फोन, हाउ टू बाय बिटकॉइन इन इंडिया जैसे सवाल भी पूछे गए हैं, सबसे हैरान करता है ये सवाल, हाउ टू टेक स्क्रीनशॉट, बताइए लोग कैसे कैसे सवाल गूगल पर पूछते हैं। ये तो थी सवाल की बात, सबसे ज्यादा हैरानी तो अगली कैटेगरी पर होती है, सबसे ज्यादा किस फिल्मी कलाकार को गूगल पर सर्च किया गया है। क्या आप बता सकते हैं वो कौन है। गूगल पर भारतीयों ने सबसे ज्यादा सनी लियोनी को सर्च किया है। सनी का नाम हैरान नहीं करता है बल्कि बाकी के जो नाम हैं वो हैरान करते हैं। टॉप टेन सर्च में बिग बॉस 11 के चार सदस्य हैं। अर्शी खान, शिल्पा शिंदे, बंदगी कालरा और सपना चौधरी, इन सभी के बारे में जानने के लिए लोगों ने गूगल का सहारा लिया।

Advertisement

ये सारे नतीजे कोई खास महत्व नहीं रखते हैं, लेकिन अगर आप समाजशास्त्र के बारे में समझना चाहते हैं, लोगों की मानसिकता को जानना चाहते हैं तो ये नतीजे आपके लिए बेहद दिलचस्प हो सकते हैं। इंटरनेट क्रांति के इस दौर में गूगल एक जरिया बन गया जिस के सहारे लोग अपने सवालों केजवाब पाते हैं। कई बार तो सवाल इतने अजीब होते हैं कि गूगल भी हैरान हो जाता होगा। वहीं इन सवालों से लोगों की सोच के बारे में पता चलता है. वो किस दिशा में सोच रहे हैं। सवालों से पता चलता है कि कौन सा सवाल सबसे ज्यादा लोगों को परेशान कर रहा है। इन नतीजों के आधार पर नीतियां बनाई जा सकती हैं। सामाजिक बदलाव के बारे में भी इन नतीजों से पता चलता है। तो वहीं फिल्मी कलाकारों को ये पता चलता है कि वो कितने लोकप्रिय हैं।