मोदी के मन की बात : मुस्लिम महिलाओं को दिलाएंगे हज का अधिकार

साल के आखिरी दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मन की बात की। इस मौके पर उन्‍होंने मुस्लिम महिलाओं के अधिकारों को उठाया। जिसके कई मायने हैं।

New Delhi Dec 31: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने साल के आखिरी बार रेडियो कार्यक्रम मन की बात के जरिए देश के लोगों को संबोधित किया। मन की बात के जरिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कई बातों का जिक्र किया। इस मौके पर उन्‍होंने एक बार फिर मुस्लिम महिलाओं के हक की आवाज उठाई। प्रधानमंत्री ने पुरुष अभिभावक के बिना मुस्लिम महिलाओं के हज यात्रा पर रोक को भेदभाव बताया। उन्‍होंने कहा कि ये मुस्लिम महिलाओं के साथ अन्‍याय है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का कहना है कि उनकी सरकार ने इस नियम को खत्‍म कर दिया है। उन्‍होंने कहा कि अब मुस्लिम महिलाएं बिना पुरुष अभिभावकों के भी हज यात्रा पर जा सकती हैं। जाहिर है मोदी के इस कदम से एक बार फिर मुस्लिम महिलाएं उनकी मुरीद हो गई हैं।  

Advertisement

मोदी सरकार ने जो नई हज नीति बनाई है उसके तहत 45 साल की उम्र पार कर चुकी चार या उससे ज्‍यादा महिलाएं बिना मेहरम के ही एक साथ हज यात्रा पर जा सकती हैं। मुस्लिम समुदाय में मेरहम का मतलब ये होता है कि जिनसे उनका निकाह नहीं हो सकता है। यानी पिता, महिला का सगा भाई, बेटा और उसका पौत्र-नवासा। पुरानी नीति के आधार पर मुस्लिम महिलाएं इनके साथ ही हज यात्रा पर जा सकती थीं। लेकिन, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हज नीति में बदलाव करते हुए एलान कर दिया है कि अब चार महिलाएं एक साथ हज पर जा सकती हैं। इससे पहले अभी इसी हफ्ते ट्रिपल तलाक के खिलाफ बिल को भी मोदी सरकार लोकसभा से पास करा चुकी है। हालांकि राज्‍यसभा से इस बिल का पास होना बाकी है।

Advertisement

मन की बात में उन्‍होंनें इस बात का खुलासा करते हुए कहा कि अभी हाल ही में उन्‍हें पता चला कि हज यात्रा में भी मुस्लिम महिलाओं के साथ भेदभाव किया जा रहा है। जो महिला अकेले हज पर जाना चाहती हैं उन्‍हें जाने की इजाजत नहीं मिलती थी। मन की बात में उन्‍होंने बताया कि इस साल 1300 मुस्लिम महिलाओं ने बिना पुरुषों के हज पर जाने का आदेवन किया है। उन्‍होंने बताया कि देश में ऐसा पिछले 70 सालों से होता चला आ रहा है। मन की बात में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि उन्‍हें ये बात जानकर काफी हैरानी हुई कि ये नियम सिर्फ भारत में ही चल रहा है। जबकि कई मुस्लिम देश हज पर अकेले महिलाओं के जाने पर लगी पाबंदी को हटा चुके हैं। मोदी ने बताया कि इसके बाद ही मैंने अल्पसंख्यक मामलों के मंत्रालय को सुझाव दिया है कि अकेले हज यात्रा के लिए आवेदन करने वाली महिलाओं को भी इस यात्रा पर भेजा जाए।

Advertisement

इसके साथ ही मन की बात में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के लोगों से ढेरों बात की। उन्होंने कहा कि इस साल का उनका ये आख़िरी कार्यक्रम है और संयोग से आज साल का भी आखिरी दिन है। मोदी ने कहा कि नए साल का दिन मेरी नजर में स्‍पेशल है। उन्‍होंने कहा कि जिन लोगों ने साल 2000 मे जन्‍म लिया है वो 2018 में मान्‍य वोटर बन जाएंगे। जो न्‍यू इंडिया का आधार बनेंगे। मन की बात में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि चार जनवरी से दुनिया भर के चार हजार शहरों में सबसे बड़ा स्वच्छता सर्वे शुरू किया जाएगा। मन की बात में मोदी ने कहा कि देश के युवाओं को हर जिले में एक मॉक पार्लियामेंट का आयोजन करना चाहिए। ताकि इसमें न्‍यू इंडिया पर मंथन हो सके। देश का सपना साकार हो सके।