हरियाणा में हैवानियत : 11 साल की बच्ची हुई ‘निर्भया कांड’ जैसी बर्बरता

हरियाणा में हैवानियत की तीन वारदातों ने पूरे राज्‍य को दहलाकर रख दिया है। दो जगहों पर तो बच्चियों के साथ निर्भया कांड जैसे बर्बरता की गई।

New Delhi Jan 15 : हरियाणा में सामूहिक दुष्‍कर्म की तीन घटनाओं से पूरा राज्‍य दहल उठा है। 48 घंटे के भीतर बलात्‍कार की तीन दर्दनाक वारदातों को अंजाम दिया। हरियाणा के जींद और पानीपत में नाबालिग बच्चियों के साथ निर्भया कांड जैसी बर्बरता की गई। पानीपत में तो वहशीपन की इंतहा को ही पार कर दिया गया। यहां पर 11 साल की मासूम बच्‍ची से बलात्‍कार कर उसकी हत्‍या कर दी गई फिर उसके शव के साथ भी बलात्‍कार किया गया। हरियाणा में निर्भया कांड का ये सिलसिला यहीं नहीं थमा। दिल्‍ली से सटे फरीदाबाद में भी 22 साल की लड़की को हैवानों ने अपनी दरिंदगी का शिकार बनाया। पानीपत केस में तो पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। लेकिन, जींद और फरीदाबाद में निर्भया कांड को अंजाम देने वाले आरोपी अब तक पुलिस गिरफ्त से बाहर हैं। हरियाणा में सामूहिक दुष्‍कर्म की तीन बड़ी वारदातों के बाद अब राज्‍य सरकार भी विपक्ष के निशाने पर आ गई है।

Advertisement

हरियाणा के मुख्‍यमंत्री मनोहर लाल खट्टर से इन वारदातों पर जवाब मांगा जा रहा है। इसके साथ ही उसने सवाल किया जा रहा है कि क्‍या बेटी पढ़ाओ, बेटी बचाओ के नारे को इसी तरह अंजाम दिया जाएगा। पानीपत के निर्भया कांड के बारे में जानकर आपके रोंगटे खड़े हो जाएंगे। जानकारी के मुताबिक पानीपत के उरलाना कलां गांव में 11 साल की मासूम बच्‍ची अपनी ननिहाल में रह रही थी। शनिवार की शाम को बच्‍ची कूड़ा फेंकने के लिए घर से बाहर निकली थी। रास्‍ते में गांव के ही दो युवक सागर और प्रदीप बच्‍ची को लालच देकर अपने घर लेकर चले गए। आरोप है कि सागर और प्रदीप ने पहले अपने घर में बच्‍ची के साथ सामूहिक दुष्‍कर्म किया। इसके बाद उसकी गला घोंटकर हत्‍या कर दी। लेकिन, आरोपियों की हैवानियत यहीं नहीं थमी। आरोपियों ने मासूम बच्‍ची की लाश के साथ भी बलात्‍कार किया। इस मामले की जांच एसआईटी को सौंपी गई है।

Advertisement

पानीपत के निर्भया कांड में पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। लेकिन, जींद और फरीदाबाद के आरोपी अब भी पुलिस गिरफ्त से बाहर हैं। जींद केस में बच्‍ची की पोस्‍टमार्टम रिपोर्ट से पता चला है कि उसके साथ कम से कम तीन से चार लोगों ने हैवानियत की थी। पोस्‍टमार्टम रिपोर्ट में इस बात का खुलासा हुआ है कि जींद में बच्‍ची से सामूहिक दुष्‍कर्म के बाद उसके प्राइवेट पार्ट में कोई भारी और बिना धार का हथियार तक डाल दिया गया। इसके साथ ही उसे डुबोकर मारा गया। यानी जींद में बच्‍ची के साथ निर्भया कांड जैसी बर्बरता की गई। पीडि़त परिवार ने आरोपियों को जल्‍द पकड़ने और उन्‍हें फांसी की सजा दिए जाने की मांग की है। ताकि दूसरा कोई भी व्‍यक्ति किसी लड़की पर बुरी नियत से नजर तक ना उठा सके।

Advertisement

जींद और पानीपत के निर्भया कांड की गूंज अभी शांत भी नहीं पड़ी थी कि इसी बीच फरीदाबाद में भी 22 साल की लड़की से सामूहिक दुष्‍कर्म की खबर सामने आ गई। जानकारी के मुताबिक 22 साल की लड़की को पहले तीन लोगों ने अगवा किया उसके बाद उसे अपनी हैवानियत का शिकार बनाया। लड़की के शरीर पर चोट के काफी निशान हैं। तीनों युवक लड़की को अपनी हवस का शिकार बनाने के बाद उसे सीकरी पेट्रोल पंप के पास फेंककर फरार हो गए। इस केस की जांच के लिए भी एसआईटी का गठन कर दिया गया है। हरियाणा में हैवानियत की ताबड़तोड़ होती वारदातों से मनोहर लाल खट्टर की सरकार विपक्ष के निशाने पर आ गई है। विपक्ष ने ना सिर्फ राज्‍य में कानून व्‍यवस्‍था पर सवाल खड़े किए हैं। बल्कि पुलिस की कार्यप्रणाली को भी कठघरे में ला खड़ा किया है। उधर, मुख्‍यमंत्री मनोहरलाल खट्टर का कहना है कि किसी भी दोषी को बख्‍ शा नहीं जाएगा। हरियाणा के निर्भया कांड को लेकर सामाजिक संगठनों ने भी सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।