कांग्रेस पार्टी ज्‍वाइन करने वाले हैं सदी के महानायक अमिताभ बच्‍चन ?

इस वक्‍त राजनीतिक गलियारों में सदी के महानायक अमिताभ बच्‍चन को लेकर काफी चर्चा हो रही है। कहा जा रहा है कि वो कांग्रेस ज्‍वाइन करने वाले हैं।

New Delhi Feb 22 : क्‍या 2019 के लोकसभा चुनाव से पहले बॉलीवुड के सुपर स्‍टार और सदी के महानायक अमिताभ बच्‍चन कांग्रेसी बन जाएंगे ? क्‍या अमिताभ बच्‍चन का कांग्रेस प्रेम एक बार फिर उमड़ पड़ा है ? या फिर कांग्रेस पार्टी सिर्फ अपने सियासी फायदे के लिए इस मसले को हवा देने की कोशिश रही है? ये वो सवाल हैं जो इस वक्‍त राजनैतिक गलियारों में छाए हुए हैं। चारो ओर अमिताभ बच्‍चन के ही नाम के चर्चें हैं। दरसअल, अटकलों और चर्चाओं का बाजार उस वक्‍त से गरम होना शुरु हुआ है जब से अमिताभ ने ट्विटर पर कांग्रेस के कुछ नेताओं को फॉलो किया। सवाल उठ रहे हैं कि आखिर ऐसी क्‍या वजह है कि अमिताभ ने कांग्रेस पार्टी में दिलचस्‍पी दिखानी शुरु कर दी है। वो भी तब जबकि उन्‍हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का बेहद करीबी माना जाता है। गुजरात और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कई योजनाओं के प्रमोशन में उन्‍हें हमेशा आगे रखा गया है।

Advertisement

दरसअल, हाल ही के दिनों में अमिताभ बच्‍चन ने ट्विटर पर कांग्रेस के कुछ बड़े नेताओं को फॉलो करना शुरु किया। इसके बाद से ही कांग्रेस पार्टी में मानो जान सी आ गई। अमिताभ ने सबसे पहले कांग्रेस अध्‍यक्ष राहुल गांधी को ट्विटर पर फॉलो करना शुरु किया। इसके बाद उन्‍होंने कांग्रेस पार्टी के आफिसियल अकाउंट को फॉलो किया। इसके बाद अगला नंबर पी चिदंबरम का था और इसके बाद उन्‍होंने कपिल सिब्‍बल, अहमद पटेल, राजस्‍थान के पूर्व मुख्‍यमंत्री अशोक गहलोत, दिल्‍ली कांग्रेस के अध्‍यक्ष अजय माकन, सचिन पायलट, ज्योतिरादित्य सिंधिया और सीपी जोशी को फॉलो करना शुरु किया। अमिताभ बच्‍चन को ट्विटर पर इस वक्‍त 33 करोड़ 13 लाख से भी ज्‍यादा लोग फॉलो कर रहे हैं। वहीं अमिताभ कुल 1730 लोगों को फॉलो करते हैं। जिसमें अब कई कांग्रेस के नेताओं का भी नाम शुमार हो गया है। बिग बी ने कांग्रेस के जिन नेताओं को फॉलो किया है उन सभी लोगों ने इसके लिए उनका आभार भी व्‍यक्‍त किया।

Advertisement

लेकिन, अमिताभ बच्‍चन में अचानक आया ये बदलाव कई लोगों को चौंका रहा है। क्‍योंकि उन्‍होंने कांग्रेस पार्टी के प्रवक्‍ता स्‍तर के नेताओं को भी फॉलो किया है। हाल ही में उन्‍होंने मनीष तिवारी, शकील अहमद, संजय निरूपम, रणदीप सुरजेवाला, प्रियंका चतुर्वेदी और संजय झा को भी ट्विटर पर फॉलो किया। कांग्रेस पार्टी के लोग भी हैरान हैं कि आखिर ऐसा कैसे और क्‍यों हुआ। हालांकि ऐसा नहीं है कि बिग बी सिर्फ कांग्रेस नेताओं को ही फॉलो कर रहे हैं। उन्‍होंने बीजेपी और दूसरे विपक्ष के नेताओं को भी ट्विटर पर फालो किया हुआ है। अमिताभ ने बिहार के मुख्‍यमंत्री नीतीश कुमार, आरजेडी चीफ लालू यादव, उनकी बेटी मीसा भारती के अलावा लेफ्ट के नेता सीताराम येचुरी, जम्‍मू-कश्‍मीर के पूर्व मुख्‍यमंत्री उमर अब्‍दुला, एनसीपी नेता सुप्रिया सुले को भी फॉलो कर रखा है। इसलिए सिर्फ कांग्रेस नेताओं को फॉलो करने भर से ये दावा नहीं किया जा सकता है कि वो कांग्रेसी बनने वाले हैं।

Advertisement

हालांकि इस बात में भी कोई शक नहीं है कि अमिताभ बच्‍चन के कांग्रेस पार्टी से पुराने संबंध रहे हैं। बिग बी गांधी परिवार के बेहद करीबी रह चुके हैं। एक वक्‍त में अमिताभ और राजीव गांधी के पारिवारिक संबंध हुआ करते थे। लेकिन, बाद में मनमुटाव के कारण दोनों के बीच दूरियां बढ़ गईं थीं। ये बात अस्‍सी के दशक की रही होगी। तब अमिताभ बच्‍चन ने कांग्रेस पार्टी के जरिए ही राजनीति में पहला कदम रखा था। 1984 में उन्‍होंने कांग्रेस के टिकट पर इलाहाबाद से लोकसभा का चुनाव भी लड़ा था और जीत भी हासिल की थी। अमिताभ और राजीव गांधी के बीच काफी गहरी दोस्‍ती थी। दोस्‍ती इतनी मजबूत थी कि दोनों का एक दूसरे के घर तक आना जाना था। लेकिन, जब पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी का नाम बोफोर्स घोटाले में सामने आया था उसके बाद से अमिताभ ने उनसे दूरियां बना ली थीं। 1987 में ही दोनों के रास्‍ते अलग-अलग हो गए थे। 1996 के बाद से अमिताभ गांधी परिवार से पूरी तरह अलग हो गए थे। इसके पीछे ये भी कहा जाता है कि जब बिग बी अपने बुरे दौर से गुजर रहे थे उस वक्‍त उन्‍हें गांधी परिवार की ओर से कोई मदद नहीं मिली थी।