यह धक्का योगी को कम, मोदी को ज्यादा

ये पिटाई कहां हुई है, उन सीटों पर हुई है, जो मुख्यमंत्री आदित्यनाथ योगी और उप-मुख्यमंत्री केशव मौर्य ने खाली की थीं। 

New Delhi, Mar 15 : गोरखपुर और फूलपुर में अनहोनी हो गई। कोई कल्पना भी नहीं कर सकता था कि उप्र में पहले लोकसभा और फिर विधानसभा के चुनाव में इतने प्रचंड बहुमत से जीतनेवाली भाजपा इन दोनों में इतनी बुरी तरह से पिट जाएगी। यह पिटाई तब हुई है, जबकि लखनऊ में भाजपा सरकार को आये अभी साल भर भी नहीं हुआ है। और पिटाई कहां हुई है। उन सीटों पर हुई है, जो मुख्यमंत्री आदित्यनाथ योगी और उप-मुख्यमंत्री केशव मौर्य ने खाली की थीं।

Advertisement

भजपा के लिए इससे बड़ा धक्का आज के दिन क्या हो सकता है? यह धक्का योगी को तो है, लेकिन उससे बड़ा मोदी को है। yogi mauryaक्योंकि ये सीटें विधानसभा की नहीं, संसद की हैं। मोदी की दो सीटें घट गईं। अब लोग सोचने लगे हैं कि क्या अब भी मोदी की हवा चल रही है ? चल नहीं रही है, निकल रही है। गुजरात के चुनावों ने ही गाड़ी पंचर कर दी थी लेकिन त्रिपुरा, नागालैंड और मेघालय के नतीजों ने गुजरात के घावों पर थोड़ा मरहम लगा दिया था।

Advertisement

राजस्थान और मप्र के उपचुनावों ने हल्का-सा धक्का दिया था। वह प्रांतीय धक्का था लेकिन उप्र के इन दो उप-चुनावों ने अखिल भारतीय धक्का लगाया है। akhilesh Mayawatiइससे यह सिद्ध हुआ है कि किसी प्रांत के मुख्य विरोधी दल एक हुए नहीं कि भाजपा डूब गई।

Advertisement

अकेला उत्तरप्रदेश चाहे तो वही मोदी को विदा करने में काफी है। अखिलेश यादव ने जिस चतुराई से काम किया है, वह उन्हें 2019 में काफी बड़ी भूमिका में खड़ी कर सकती है। उप्र की हार के साथ-साथ सोनिया गांधी के प्रीति-भोज की खबर ने भी लहरें उठाई हैं। देश की लगभग 20 विरोधी पार्टियों के नेता इस डिनर में शामिल हुए। विरोधियों का इतना बड़ा जमावड़ा चार साल में पहली बार हुआ है। संसद के दोनों सदनों को उन्होंने पहले ही ठप्प कर रखा है। सोनिया के प्रीति-भोज में कुछ प्रांतों के ऐसे नेता भी आमंत्रित थे, जिनकी पार्टियां एक-दूसरे की कट्टर विरोधी हैं। यदि ये सब एक हो गईं तो मोदी-पार्टी का क्या होगा ? नौटंकियों की नाव में बैठकर चुनाव की वैतरणी कैसे पार होगी ?

(वरिष्ठ पत्रकार एवं स्तंभकार डॉ. वेद प्रताप वैदिक के फेसबुक वॉल से साभार, ये लेखक के निजी विचार हैं)