गिरिराज सिंह जनसंख्या नियंत्रण पर दे रहे थे ज्ञान, जदयू बोली अपने मंत्रालय पर ध्यान दीजिए

गिरिराज सिंह के इस ट्वीट के बाद जदयू प्रवक्ता संजय सिंह ने लिखा, देश की 130 करोड जनता ने एनडीए को विकास और राष्ट्रवाद के मुद्दे पर वोट किया है।

New Delhi, Jun 18 : बिहार एनडीए में सबकुछ ठीक नहीं चल रहा है, दरअसल बिहार में नीतीश कुमार पर रह-रहकर मोदी के मंत्री गिरिराज सिंह सवाल उठाते रहते हैं, दरअसल इस बार विवाद जनसंख्या नियंत्रण पर कानून को लेकर शुरु हुआ। पशुपालन मंत्री गिरिराज सिंह ने आज यूएन रिपोर्ट के हवाले से जनसंख्या नियंत्रण को लेकर ट्वीट किया, जिसके ठीक बाद जदयू ने भी तंज भरे लहजे में जबाव दिया, कि उन्हें अपने मंत्रालय पर ध्यान देना चाहिये।

Advertisement

गिरिराज सिंह का ट्वीट
मोदी सरकार के मंत्री गिरिराज सिंह ने ट्विटर पर लिखा, बढती जनसंख्या और उसके अनुपात में घटते संसाधन को कैसे झेल पाएगा हिंदुस्तान, जनसंख्या विस्फोट हर दृषिकोण से हिंदुस्तान के लिये खतरनाक। यूएन की रिपोर्ट में कहा गया था, कि भारत 2027 में चीन को पीछे छोड़कर सबसे ज्यादा जनसंख्या वाला देश बन जाएगा।

Advertisement

विभाग की चिंता करनी चाहिये
गिरिराज सिंह के इस ट्वीट के बाद जदयू प्रवक्ता संजय सिंह ने लिखा, देश की 130 करोड जनता ने एनडीए को विकास और राष्ट्रवाद के मुद्दे पर वोट किया है। जनसंख्या वृद्धि वास्तव में एक समस्या है, और इस पर सबका ध्यान है। जनसंख्या नियंत्रण के लिये हर संभव प्रयास होने चाहिये, लेकिन गिरिराज सिंह जी आपको केन्द्र सरकार में जिस विभाग की जिम्मेदारी मिली है, इसकी चिंता करनी चाहिये।

Advertisement

इफ्तार पार्टी पर सवाल
आपको बता दें कि इसी महीने जदयू और गिरिराज सिंह में ठन गई थी, इसी महीने 4 जून को गिरिराज सिंह ने ट्वीट कर बिहार के सीएम नीतीश कुमार के इफ्तार पार्टी पर सवाल खड़े किये थे और उन्हें नवरात्र में फलाहार करने की भी तस्वीर पोस्ट करने की सलाह दी थी। जिसके बाद कहा गया कि अमित शाह ने गिरिराज सिंह को फोन कर ऐसे मुद्दों पर बयान देने से बचने को कहा था।

Advertisement