विकास दुबे के बाद क्या ?

क्या पुलिस और राजनीति में छुपे दुबे के तमाम मददगार चेहरे बेनक़ाब होंगे या फिर हमेशा की तरह कुछ दिनों की तामझाम और फिर श्मशान की शांति ?

New Delhi, Jul 09 : गैंगस्टर विकास दुबे की गिरफ्तारी और उसके कुछ साथियों के एनकाउंटर पुलिस की बड़ी कामयाबी नहीं है। अपराधी मारे जाते हैं और नए अपराधी पैदा होते हैं। अपराधी पकड़े जाते हैं और छूट भी जाते हैं। अपराध का सिलसिला ऐसी सतही कार्रवाईयों से नहीं थमता।

Advertisement

उत्तर प्रदेश पुलिस को कामयाब तब माना जाना चाहिए जब वह इस घटना के बहाने उस पुलिसिया और राजनीतिक व्यवस्था पर ही चोट करे जो विकास दुबे जैसे अपराधी को खड़ा करने की ज़िम्मेदार हैं।

Advertisement

पुलिस के सभी स्तरों पर और राजनीति में ऐसे लोग भरे पड़े हैं जो अपराधियों की मदद कर उनसे अपने आर्थिक और सियासी हित साधते हैं। क्यों न इस अपवित्र आपराधिक गंठजोड़ को सामने लाने की शुरुआत आठ पुलिसकर्मियों के हत्यारे दुबे के मामले से ही हो ? अब तो इस नापाक गंठजोड़ का सबसे बड़ा सबूत ख़ुद दुबे पुलिस के हाथ में है।

Advertisement

उत्तर प्रदेश की सरकार और पुलिस की साख दाव पर है। क्या पुलिस और राजनीति में छुपे दुबे के तमाम मददगार चेहरे बेनक़ाब होंगे या फिर हमेशा की तरह कुछ दिनों की तामझाम और फिर श्मशान की शांति ? कुछ ही दिनों में मीडिया को नई सुर्खियां मिल जाएंगी और आम लोगों का जोश भी ठंढा पड़ जाएगा। लेकिन अगर दुबे के पीछे की तमाम ताक़तें सलाखों के पीछे नहीं पहुंची तो यक़ीन मानिए, आठ पुलिस वालों की शहादत व्यर्थ जाएगी और प्रदेश में रोज़ नए-नए विकास दुबे पैदा होते रहेंगे।

(आईपीएस अधिकारी ध्रुव गुप्त के फेसबुक वॉल से साभार, ये लेखक के निजी विचार हैं)