बीजेपी थोड़ा परेशान हुई तो आ गए ये चुनावी नतीजे, विपक्ष फिर से भरभरा गया

विपक्ष ने बीजेपी को घेरने में थोड़ी कामयाबी हासिल की ही थी कि दो राज्यों में हुए इन चुनावों के नतीजे आ गए, फिर से विपक्ष को मात खानी पड़ी।  

New Delhi, Oct 11: विपक्ष के साथ ये तो बड़ा अन्याय हो गया, कितनी मेहनत से वो मोदी सरकार को घेरने की कोशिश कर रही थी। बड़ी मुश्किल से एक आध मुद्दे पर सरकार भी डिफेंसिव हुई है। मोदी जी परेशान दिख रहे हैं, अमित शाह की रणनीति काम नहीं कर रही है, वो अपने बेटे के चलते अलग ही मुसीबत में हैं। विपक्ष के लिए इस से अच्छा मौका क्या हो सकता था कि वो जनता के सामने मोदी और भाजपा को घेरे। लेकिन हाय रे किस्मत जैसे ही लगा कि बस अब उम्मीद की बारिश होने वाली है, बादल लगान के बादलों की तरह बेेवफा निकल गए। कालिमा तो छाई लेकिन बरसे नहीं।

Advertisement

बीजेपी और मोदी की मुश्किलों के बीच एक शानदार खबर सामने आ रही है। ये खबर चुनाव से जुड़ी है, चुनाव और भाजपा एक दूसरे के पूरक हो गए हैं, हर चुनाव में भाजपा की जीत से विपक्ष कमजोर होता जा रहा है। इस बार ये जीत मिली है महाराष्ट्र में, राज्य में हाल ही में हुए ग्राम पंचायत चुनाव में भाजपा को धमाकेदार जीत मिली है, केवल महाराष्ट्र ही नहीं बल्कि गुजरात से भी अच्छी खबर आई है। भाजपा ने गुजरात में 7 में से 5 सीटें जीत ली हैं। कांग्रेस जो राहुल गांधी के दम पर बेहतरी की उम्मीद कर रही है उसके लिए जमीन बंजर ही है। उसकी सीटें आधी रह गई हैं।

Advertisement

अब क्या करिए इसका कि जनता वोट ही नहीं दे रही है, महाराष्ट्र में 7 अक्टूबर को पहले चरण के लिए 3,884 ग्राम पंचायतों के चुनाव हुए थे। इनमें से 2,974 पंचायतों के नतीजे जारी कर दिए गए हैं। विपक्ष को दर्द देते हुए बीजेपी ने इनमें से 1457 सीटों पर जीत हासिल कर ली हैं। विपक्ष के नेता भी कह रहे होंगे कि ये कोई बात होती है, इतनी मुश्किल से तो जनता के मन में सवाल पैदा किया था कि ये नतीजे सामने आ गए, अब भाजपा इन नतीजों के दम पर कह रही है कि विपक्ष जनता को लाख भरमाने की कोशिश करे लेकिन वो कमल के फूल के साथ ही है। पीएम मोदी तो जैसे इन नतीजों का ही इंतजार था। एक के बाद एक ट्वीट धकाधक पोस्ट कर दिए।

Advertisement

पीएम मोदी नरेंद्र मोदी ने ट्वीट करके कहा है कि वो महाराष्ट्र की जनता को धन्यवाद करते हैं। उन्होंने इस जीत को गरीबों की जीत बताया है, कहा कि ये जीत साबित करती है कि लोगों का भरोसा विकासवादी एजेंडे पर बरकरार है। अब दूसरी पार्टियों का हाल भी जान लेते हैं। बीजेपी तो सबसे आगे है ही, कांग्रेस को केवल 301 सीटें मिली हैं। 222 सीटों पर शिवसेना ने फतह हासिल की है। अब विपक्ष की निगाह 14 अक्टूबर को होने वाले दूसरे चरण के मतदान पर है। दूसरे दौर में 3692 पंचायतों के लिए चुनाव होंगे। इनके नतीजे 16 अक्टूबर को जारी होंगे। ये नतीजे भाजपा के लिए संजीवनी हैं, तो वहीं विपक्ष एक बार फिर से भरभरा गया है।