अमित शाह ने ये क्या कह दिया, क्या है राहुल गांधी का NGO कनेक्शन ?

बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह ने राहुल गांधी पर जमकर हमला किया है। उन्होंने कहा कि राहुल NGO का कागज लेकर गुजरात में घूम रहे हैं। उन्हें विकास नहीं दिखाई देता है।

New Delhi, Nov 04: गुजरात चुनाव के लिए कांग्रेस के प्रचार से बीजेपी परेशान तो है, ये बात अब दिखाई भी दे रही है। कांग्रेस की तरफ से राहुल गांधी ने जिस आक्रामक शैली में प्रचार किया है वो बीजेपी के लिए मुश्किल बढ़ा रहा है। दरअसल अमेरिका से लौट कर आने के बाद राहुल के तेवर बदले दिख रहे हैं। वो अलग ही अंदाज में हमला कर रहे हैं। उनके तेवरों में परिपक्वता भी दिखाई दे रहे हैं। अब ये अलग बात है कि इस से कांग्रेस को कितना फायदा होता है, लेकिन इतना तो साफ है कि अमित शाह भी राहुल के इस नए अंदाज से हैरान हैं। इसलिए वो खुद पलटवार करने के लिए सामने आए हैं। गुजरात के विकास को लेकर जिस तरह से कांग्रेस ने कैंपेन शुरू किया उस पर शाह ने जवाब दिया है।

Advertisement

अमित शाह ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस करके राहुल गांधी पर जोरदार हमला किया। उन्होंने कहा कि राहुल को गुजरात का विकास दिखाई नहीं दे रहा है। अगर राज्य में चुनाव नहीं होता तो कांग्रेस का गुजरात प्रेम बाहर नहीं आता, चुनाव के समय ही कांग्रेस को राज्यों की याद आती है। शाह ने कहा कि विकास की बात करना आसान है, लेकिन विकास करना मुश्किल है, बीजेपी ने गुजरात में विकास करके दिखाया है। शाह ने कहा कि गांधी परिवार की तीन पीढ़ियां जहां से सांसद रही हैं वहां पर वो कलेक्टर ऑफिस तक नहीं बनवा पाए हैं। शाह ने फिर से अमेठी का जिक्र छेड़ते हुए कहा कि विकास की बात करने वाले राहुल को अमेठी नहीं दिखाई देता है।  

Advertisement

बीजेपी अध्यक्ष यहीं नहीं रुके, उन्होंने कहा कि किसी एनजीओ ने राहुल को कागज थमा दिए हैं, राहुल गांधी वही कागज लेकर गुजरात में घूम रहे हैं। वो अपनी तरफ से बातें कर रहे हैं कि राज्य में विकास नहीं हुआ है। सच्चाई ये है कि जब से गुजरात से कांग्रेस सत्ता से बाहर गई है, हर क्षेत्र में विकास हुआ है। राहुल गरीबी की बात करते हैं। 1995 में गुजरात में कुल बैंक डिपॉजिट 23 करोड़ थी जो आज 5 लाख करोड़ हो गई है।  आंकड़ों के नजरिए से देखें तो भी राहुल के दावों में दम नहीं दिखाई देता है। वो राज्य के विकास को देखना ही नहीं चाहते हैं। वो चुनावी माहौल में जनता को गुमराह कर रहे हैं।

Advertisement

इसी के साथ शाह ने सरदार पटेल का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि जिस समय सरदार पटेल का अपमान हुआ था, उस समय कांग्रेस कहां थी, केंद्र में जब तक कांग्रेस का राज था उस समय तक सरदार पटेल को भारत रत्न नहीं दिया गया था। यहां तक कि संसद के सेंट्रल हॉल में उनकी तस्वीर तक नहीं थी। कांग्रेस के सत्ता में रहने के दौरान नर्मदा पर सरदार सरोवर बांध का काम तक पूरा नहीं हो पाया था। केंद्र में बीजेपी की सरकार बनने के बाद से गुजरात का चौतरफा विकास हुआ है। राज्य के कई शहरों को स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट में शामिल किया गया है। विकास की इस रफ्तार से कांग्रेस वाले हैरान हैं। उनको समझ नहीं आ रहा है कि वो किस तरह से हमला करें, इसलिए वो विकास पागल हो गया है जैसे नारे इस्तेमाल करके राज्य की जनता का अपमान कर रहे हैं।