सीरिया में मारा गया ISIS का इंडिया चीफ अब्‍दुल मनफ

भारतीय सुरक्षा एजेंसियों को सीरिया से बहुत बड़ी खबर मिली है। खबर के मुताबिक ISIS का इंडिया चीफ अब्‍दुल मनफ वहां मार दिया गया है।

New Delhi Jan 19 : ISIS का इंडिया चीफ अब्‍दुल मनफ सीरिया में मार दिया गया है। अब्‍दुल मनफ की मौत की खबर के बाद भारत की सुरक्षा एजेंसियों ने राहत की सांस ली है। मनफ सीरिया में रहते हुए ISIS के लिए भारत से लड़ाकों की भर्ती करती था। उसके अधिकांश शिकार केरल के कट्टरपंथी युवा होते थे। वो उन्‍हें बरगला कर सीरिया बुलाता था और ISIS में शामिल करा देता था। लेकिन, खबरों के मुताबिक ईराकी फौज ने अभी हाल ही में ISIS के इस भारतीय लड़ाके को मुठभेड़ में मार गिराया। जानकारी के मुताबिक अब्‍दुल मनफ मूल रूप से केरल के कन्‍नूर जिले के वलपत्निनम का रहने वाला था। उसकी उम्र सिर्फ 27 साल थी। केरल पुलिस के मुताबिक अब्‍दुल मनफ 17 जनवरी को ही सीरिया में मार दिया गया था। जिसकी जानकारी बाद में उसके परिजनों को टेलीग्राम मैसेंजर एप के जरिए मिली। देश की खुफिया एजेंसियों को उसकी मौत की खबर पहले ही मिल चुकी थी।

Advertisement

हालांकि अब अब्‍दुल मनफ के परिजनों ने भी उसकी मौत की पुष्टि कर दी है। हालांकि अब्‍दुल मनफ सीरिया में कब मारा गया इस बात पर थोड़ा संशय जरूर है। क्‍योंकि खुफिया एजेंसियों के सूत्रों का कहना है कि उनके पास नवंबर में ये खबर आ गई थी कि सीरिया में केरल के लड़ाके को मार दिया गया है। हालांकि वो अब्‍दुल मनफ ही था इस बात पर सस्‍पेंस बना हुआ था। बताया जा रहा है कि मनफ की मौत की खबर उसके दोस्‍त कय्यूम ने उसके परिजनों को दी। कय्यूम भी ISIS को ज्‍वाइन कर चुका है और वो भी इस वक्‍त सीरिया में ही मौजूद है। कन्‍नूर जिले के पुलिस अधीक्षक पीपी सदानंदन का कहना है कि अब्‍दुल मनफ कई सालों से अपराधी प्रवृत्ति का लड़का था। साल 2009 में उसने सीपीआईएम के एक कार्यकर्ता की हत्‍या कर दी थी। उस मामले में उसे दोषी भी ठहराया जा चुका है। अब्‍दुल केरल में कुछ दिनों तक राजनीति में भी सक्रिय रहा था।

Advertisement

पुलिस अधीक्षक पीपी सदानंदन का कहना है कि वो केरल के पीपल फ्रंट इंडिया का स्थानीय नेता भी रह चुका है। उसने ISIS में शामिल होने से पहले दिल्ली में इस संगठन के कार्यालय सचिव के तौर पर भी काम किया था। लेकिन, अपनी कट्टरपंथी सोच के चलते वो धीरे-धीरे ISIS के प्रति आकर्षित होने लगा था। इसके बाद उसने केरल में रहते हुए ही ISIS के लोगों से संपर्क साधना शुरु कर दिया था। इसके बाद उसने अपने आपराधिक नेटवर्क का इस्‍तेमाल करते हुए वहां तक पहुंच बना ली और केरल से भागकर सीरिया पहुंच गया। अब्‍दुल मनफ केरल से अपने दोस्‍त कय्यूम को भी अपने साथ सीरिया लेकर गया था। दोनों ISIS की ओर से लड़ते थे। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक ISIS में उसे बाद में इंडिया का चीफ बना दिया गया था। उसके जिम्‍मे भारत के लड़कों को आईएसआईएस में शामिल करने का काम सौंपा गया था।

Advertisement

बीते कुछ सालों में अब्‍दुल मनफ ने केरल के कुल 15 लड़कों को ISIS में शामिल कराया था। ये सारे के सारे लड़के केरल के कन्‍नूर जिले के ही रहने वाले हैं। जहां मनफ और कय्यूम रहते थे। बताया जा रहा है कि मनफ सोशल नेटवर्किंग के जरिए भारत में कुछ लोगों के संपर्क में रहता था। उसका मकसद भारत में भी आईएसआईएस का नेटवर्क फैलाना था। वो चाहता था भारत में ISIS का दबदबा कायम हो। ताकि उसकी साख और बढ़ सके। लेकिन, ईराक में गठबंधन सेना ने उसे उसके मंसूबों में कामयाब होने से पहले ही ढेर कर दिया। जानकारी के मुताबिक सीरिया में चल रहे युद्ध में ISIS में शामिल छह भारतीय अब तक मारे जा चुके है। जबकि पांच लोगों को आईएसआईएस से संबंध रखने के आरोप में गिरफ्तार किया चुका है। इसकी जांच एनआईए कर रही है। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक सीरिया में अभी भी चार भारतीय लड़ाके जिंदा हैं। जो आईएसआईएस के लिए जंग लड़ रहे हैं।