कांग्रेस नेता को बीच सड़क पर ‘मिनट से पहले सामान टिका दिया’ भाई ने

कांग्रेस नेता विनोद मेहरा की दिल्‍ली में गोली मारकर हत्‍या कर दी गई है। मामला रोडरेज का बताया जा रहा है। लेकिन, कई चौंकाने वाली बातें सामने आई हैं।

New Delhi Feb 06 : दिल्‍ली में आधी रात बीच सड़क पर कांग्रेस नेता विनोद मेहरा की गोली मारकर हत्‍या कर दी गई। बदमाशों ने इस सनसनीखेज वारदात को भलस्‍वा फ्लाईओवर के ऊपर अंजाम दिया। कांग्रेस नेता विनोद मेहरा की हत्‍या के बाद कार सवार बदमाश मौके से फरार हो गए। ये बदमाश कौन थे, कहां से आए, कहां गए किसी को कुछ नहीं पता। लेकिन, बताया जा रहा है कि कांग्रेस नेता की हत्‍या रोडरेज के बाद की गई। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। इसके साथ ही जिस जगह पर कांग्रेस नेता की हत्‍या की गई उस रूट पर सीसीटीवी की भी तलाश की जा रही है। पुलिस को उम्‍मीद है कि अगर इस रूट पर कहीं कोई सीसीटीवी लगा होगा तो हत्‍यारों को पकड़ने में आसानी होगी। कम से कम उनकी गाड़ी का नंबर तो मिल ही सकता है। हालांकि अब तक इस केस में पुलिस को कोई भी सफलता हाथ नहीं लग सकी है।

Advertisement

दरसअल, कांग्रेस नेता विनोद मेहरा दिल्‍ली के गीता कॉलोनी में रहते हैं। वो रात में जीटी करनाल रोड से अपने भांजे के साथ घर लौट रहे थे। वो अपने दोस्‍त अशोक दत्‍त के बेटे की शादी में शामिल होने गए थे। इसी बीच भलस्‍वा फ्लाईओवर पर उनकी वैगनआर कार एक इको कार से टकरा गई। हालांकि कार टकराई भी नहीं थी सिर्फ टच ही हुई थी। इसके बाद कांग्रेस नेता विनोद मेहरा ने इको सवार युवकों को सलीके से कार चलाने की नसीहत दी और आगे बढ़ गए। लेकिन, ये बात इको सवार युवकों को नागवार गुजरी। विनोद मेहरा को भी इस बात का कतई अंदाजा नहीं था कि इको कार में हथियारबंद बदमाश मौजूद हैं। उन्‍होंने कांग्रेस नेता विनोद मेहरा की कार को फालो करना शुरु कर दिया। उनकी कार को रुकवाने के लिए शीशे ठोंकने लगे। इसके बाद उनकी कार को ओवरटेक कर जबरन गाड़ी रुकवा ही ली। गाड़ी रुकते ही बदमाशों ने कांग्रेस नेता विनोद मेहरा से बहस करनी शुरु कर दी।

Advertisement

इस दौरान उनका भांजा भी उनके साथ था। जो पूरी घटना का चश्‍मदीद था। विनोद के भांजे ने बताया कि इको कार में चार युवक सवार थे। उन्‍होंने गाड़ी से उतरते ही मामा के साथ धक्‍का-मुक्‍की शुरु कर दी। गालियां देने लगे। विनोद के भांजे ने बताया कि इसी बीच चारों युवकों में से एक युवक ने दूसरे युवक की ओर इशारा करते हुए कहा कि तू जानता है भाई को ये मिनट से पहले सामान टिका देते हैं। लेकिन, कांग्रेस नेता विनोद मेहरा ने बदमाशों की इस धमकी को नजरअंदाज कर दिया। इसी बीच एक बदमाश दूसरे से कहने लगा कि मार-मार इसको गोली साले को। वैसे ही एक युवक ने अपनी कमर में खुसे तमंचे को निकाल लिया और कांग्रेस नेता विनोद मेहरा की छाती में गोली दाग दी और वहां से फरार हो गए। विनोद मेहरा खून से लथपथ होकर वहीं पर गिर गए। पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में ये मामला रोडरेज का ही लग रहा है।

Advertisement

लेकिन, दूसरे एंगल पर भी जांच की जा रही है। डीसीपी नॉर्थ वेस्‍ट असलम खान का कहना है कि इस केस की जांच जहांगीरपुरी थाने की पुलिस कर रही है। आशंका जताई जा रही है कि ये बदमाश जहांगीरपुरी के भी हो सकते हैं और हरियाणा के भी। बहरहाल, अभी तक पुलिस को बदमाशों का कोई सुराग नहीं मिल सका है। लेकिन, हत्‍यारों की तलाश के लिए पुलिस की कई टीमों को गठित कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि विनोद मेहरा कांग्रेस के सक्रिय नेता थे। पेशे से वो बिल्‍डर भी थे। विनोद मेहरा ज्‍वाइंट फैमिली में रहते थे। कांग्रेस नेता विनोद मेहरा ने दिल्‍ली पुलिस की सब इंस्‍पेक्‍टर से दूसरी शादी की थी। लेकिन, बताया जा रहा है कि दोनों के बीच संबंध बहुत बेहतर नहीं थे। उन्‍होंने अपने भांजे को गोद लिया है। उधर, परिजनों का आरोप है कि पुलिस वारदात स्‍थल पर चालीस मिनट बाद पहुंची। अगर पुलिस वक्‍त पर पहुंच जाती तो उनकी जान बचाई जा सकती थी। भांजे की टीचर ने अपनी गाड़ी से विनोद मेहरा को अस्‍पताल पहुंचाया लेकिन, तब तक उनकी जान जा चुकी थी।