जी-20 में मोदी की सफल कूटनीति

इस सम्मेलन में मोदी के भाषणों का जोर इसी बात पर रहा कि नीरव मोदी, चोकसी, माल्या जैसे आर्थिक अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई करने में सारे सदस्य राष्ट्र एक दूसरे का सक्रिय सहयेाग करें।

New Delhi, Dec 04 : अर्जेटिंना की राजधानी ब्यूनस आयर्स में चल रहे जी-20 सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहली सफलता तो यह है कि उन्होंने इस 20 राष्ट्रीय संगठन का 2022 का सम्मेलन भारत में करवाने का वायदा ले लिया। 2022 में भारत की आजादी का वह 75 वां साल होगा। इस 20 सदस्यीय संगठन में दुनिया के सारे शक्तिशाली राष्ट्र सक्रिय हैं और उनके अलावा भारत, जापान, इंडोनेशिया, दक्षिण अफ्रीका जैसे देश भी हैं, जो निकट भविष्य में महाशक्ति बन सकते हैं।

Advertisement

इन सब राष्ट्रों का लक्ष्य यह होता है कि वे एक जगह बैठकर अंतरराष्ट्रीय वित्तीय, व्यापारिक, आर्थिक और कानूनी समस्याओं पर विचार करें और उन्हें हल करने के रास्ते निकालें। ये 19 राष्ट्र और 20 वां यूरोपीय संघ मिलकर दुनिया का 85 प्रतिशत व्यापार करते हैं और 80 प्रतिशत सकल उत्पाद के ये मालिक हैं।

Advertisement

इस सम्मेलन में मेादी के भाषणों का जोर इसी बात पर रहा कि नीरव मोदी, चोकसी, माल्या जैसे आर्थिक अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई करने में सारे सदस्य राष्ट्र एक दूसरे का सक्रिय सहयेाग करें। मोदी ने अपना नौ-सूत्री कार्यक्रम भी पेश किया। दुनिया के जो राष्ट्र ऐसे अपराधियों को अपने यहां शरण देते हैं, पता नहीं, उन पर मोदी का कितना असर होगा। लेकिन असर होने का माहौल तो जरुर बनेगा। मोदी का दूसरा बड़ा हमला आतंकवाद पर था, खासकर उस आतंकवाद पर जो दूसरे देशों को निर्यात किया जाता है। मोदी ने आतंकवाद को प्रोत्साहित करने ओर समर्थन करनेवाली शक्तियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की अपील की है।

Advertisement

इस तरह की अपीलें भारत के पिछले प्रधानमंत्री भी कर चुके हैं लेकिन आजकल उनका असर हेाता इसलिए दिख रहा है कि पश्चिम के शक्तिशाली राष्ट्रों के अंदर भी इधर आतंकवादी घटनाएं जोरों से होने लगी हैं। भारत के इन दो प्रमुख लक्ष्यों को साधने के अलावा मोदी ने प्रमुख राष्ट्रों के नेताओं से भी विशेष भेंट की। दो त्रिपक्षीय भेंटों ने विशेष ध्यान खींचा। एक भेंट अमेरिका के डोनाल्ड ट्रंप, जापान के शिंजो एबे से और दूसरी रुस के व्लादिमीर पुतिन और चीन के शी चिन फिंग के साथ। लगे हाथ उन्होंने वहां ‘ब्रिक्स’ की भी एक बैठक कर ली। यूरोपीय संघ और संयुक्तराष्ट्र संघ के प्रमुख से भी बात हो गई। जितनी मुलाकातों में एक माह लग जाता, वे दो दिन में हो गईं। यदि विदेश मंत्री सुषमा स्वराज को मोदी साथ में ले जाते, तो सोने में सुहागा हो जाता।

(वरिष्ठ पत्रकार एवं स्तंभकार डॉ. वेद प्रताप वैदिक के फेसबुक वॉल से साभार, ये लेखक के निजी विचार हैं)