विनोद कांबली- नौकरानी को पीटा, सिद्धू को गाली, अब पत्नी की एफआईआर, विवादों से पुराना नाता

एंड्रिया का आरोप है कि विनोद कांबली ने उन पर खाना पकाने का बर्तन फेंक दिया था, जिससे उनके सिर में चोट आई है, ये घटना शुक्रवार दोपहर 1 से डेढ के बीच की है।

New Delhi, Feb 06 : टीम इंडिया के पूर्व क्रिकेटर विनोद कांबली फिर से विवादों में फंसते नजर आ रहे हैं, मुंबई पुलिस ने नशे की हालत में पत्नी को कथित रुप से पीटने तथा अपशब्द कहने के आरोप में कांबली के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है, हालांकि पूर्व क्रिकेटर के साथ ऐसा पहली बार नहीं हुआ है, कि वो किसी गंभीर मामले में फंसे हैं।

Advertisement

विनोद कांबली पर एफआईआर दर्ज
मुंबई में रहने वाले दिग्गज पूर्व क्रिकेटर विनोद कांबली का विवादों से गहरा नाता रहा है, उन पर पत्नी एंड्रिया हेविट ने एफआईआर दर्ज कराया है, उन पर आरोप है कि नशे की हालत में विनोद कांबली ने पत्नी को कथित रुप से पीटा, उन्हें अपशब्द कहा।

Advertisement

पुलिस ने बयान दर्ज कराने को कहा
बांद्रा पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया कि शुक्रवार को विनोद कांबली ने अपनी पत्नी एंड्रिया बेविट के साथ मारपीट की, घटना के सिलसिले में अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है, उन्होने बताया कि रविवार को दो पुलिसकर्मी कांबली के फ्लैट पर गये, उन्हें नोटिस देकर बयान दर्ज कराने के लिये उनके सामने पेश होने को कहा।

Advertisement

पत्नी पर फेंके बर्तन
एंड्रिया का आरोप है कि विनोद कांबली ने उन पर खाना पकाने का बर्तन फेंक दिया था, जिससे उनके सिर में चोट आई है, ये घटना शुक्रवार दोपहर 1 से डेढ के बीच की है, जब कांबली बांद्रा स्थित अपने घर पर नशे की हालत में पहुंचे, पत्नी को अपशब्द कहने शुरु कर दिये, अधिकारी ने बताया कि उनकी पत्नी ने शिकायत में कहा कि उनका 12 साल का बेटा भी उस समय मौजूद था, जिसने बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन विनोद ने किचन में जाकर टूटा हुआ फ्राइंग पैन उठाया और अपनी पत्नी को मारा। विनोद पर 2015 में भी एफआईआर दर्ज हुई थी, विनोद और उनकी पत्नी पर उनकी नौकरानी ने मारपीट का आरोप लगाया था, तब सोनी नाम की घरेलू सहायिका ने कहा कि जब उन्होने अपनी सैलरी मांगी, तो उसके साथ मारपीट की गई, 3 दिन कमरे में बंद रखा गया।

सिद्धू को कहे अपशब्द
विनोद कांबली ने भारत के ही पूर्व क्रिकेटर नवजोत सिंह सिद्धू को अपशब्द कहे थे, भारत में टीवी कार्यक्रमों में पाक के पूर्व क्रिकेटरों को शामिल करने को लेकर तब कांबली ने नाराजगी जताई थी, रमीज राजा को भी विनोद कांबली ने गाली दी थी, बाद में कहा कि उनके दोस्त ने ये ट्वीट उनके ट्विटर हैंडल से कर दिये थे, बाद में उन्होने तमाम ट्वीट्स डिलीट कर दिये थे। आपको बता दें कि विनोद कांबली और सचिन तेंदुलकर बचपन के दोस्त हैं, 2009 में विनोद ने दुनिया के इस महान बल्लेबाज पर भी आरोप लगाये थे, टीवी शो सच का सामना में विनोद कांबली ने कहा था कि जब वो बुरे दौर से गुजर रहे थे, तो उनके दोस्त सचिन तेंदुलकर ने उनकी मदद नहीं की, विनोद कांबली ने टीम इंडिया में भेदभाव के भी आरोप लगाये थे, कांबली का कहना था कि सचिन चाहते तो उनका करियर और लंबा हो सकता था।